Writers honoured with 'Gyanpeeth Award'
पुस्तक परिचय
इस प्राचीनतम या कालातीत देश के ध्यान और सपने में गुँथी हुई हैं असंख्य स्मृतियाँ। इस अमरभूमि ने याद रखा है बोधिवृक्ष को; रक्तरंजित तलवार के वार से हुई अनगिनत मृत्युओं को; छप्पर उघड़े घर में भूखे पेट जीवन के आवाहन को; शान्त पर्वत पर ध्यानमग्न ऋषियों को। इसने याद रखा है सारे स्नेह, सारी शत्रुता, सारी रुलाई, सारी मुस्कानों को; सारी शून्यताओं और परिपूर्णताओं को भी।
जब से कवि ने होश सँभाला है, इस धरती को प्यार किया है। इसी धरती की ही तो वह गमकती माटी है जिसपर झरते रहते हैं तारे। वही माटी, जिसकी गोद में हवा झूला झुलाती है शस्यश्यामल क्षेत्र को; जिसे मौसमी बादलों ने आसमान के साथ गहरे तक जोड़ दिया है। यह कवि जीता रहा है उसी के स्वर्ग में, मरता रहा है उसी के नर्क में। यही उसकी सबसे घनिष्ठ प्रियतमा है, सबसे अन्तरंग शत्रु है।...
सौन्दर्य और प्रेम की त्रिवेणी से भरी तथा शब्दों और चित्रों से सज्जित ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित ओड़िया कवि सीताकान्त महापात्र की यह काव्यकृति समर्पित है हिन्दी पाठकों को, जो जानते हैं कि सुन्दर कृतियों को कैसे प्यार किया जाता है।
लेखक परिचय
17 सितम्बर, 1937 को महंग, उड़ीसा में जन्म। उत्कल, इलाहाबाद तथा कैम्ब्रिज विश्वविद्यालयों से उच्च शिक्षा। 1975-77 में होमी भामा फैलोशिप पाकर, भारतीय आदिम समुदायों की आधुनिकीकरण प्रक्रिया का अध्ययन।
अब तक उड़िया में बारह कविता-संग्रह; चार निवन्ध-संग्रह प्रकाशित। भारतीय जनजातियों के वाचिक काव्य का अनुवाद करके नी कविता-संग्रहों का सम्पादन। साहित्य-समीक्षा एवं ललित कलाओं पर भी कई पुस्तकें प्रकाशित। अधिकांश रचनाएँ हिन्दी तथा अन्य भारतीय भाषाओं के अलावा स्पेनिश, फ्रेंच, जर्मन, रूसी, स्वीडिश, रोमानियन, डेनिश, हैब्रू, मैसीडोनियन
आदि अनेक विदेशी भाषाओं में अनूदित ।
भारतीय ज्ञानपीठ से प्रकाशित उनकी अनूदित रचनाएँ हैं: समय का शेष नाम, लौट आने का समय, तीस कविता वर्ष, पदचिह्न (कविता-संग्रह); अनेक शरत् (यात्रा-वृत्तान्त) तथा शब्द, समय और संस्कृति (निवन्ध-संग्रह)।
'ज्ञानपीठ पुरस्कार', 'साहित्य अकादेमी पुरस्कार', 'कुमार आशान पुरस्कार', 'सोवियत लैण्ड पुरस्कार', 'सारला पुरस्कार', उड़ीसा राज्य का 'कल्चर अवार्ड' तथा 'विषुव अवार्ड' से सम्मानित ।
यूनेस्को की सांस्कृतिक मामलों की अन्तरराष्ट्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं नेशनल बुक ट्रस्ट, नयी दिल्ली के पूर्व चेयरमैन ।
सम्पर्क : 21, सत्यनगर, भुवनेश्वर (उड़ीसा)।