<center><b>पुस्तक परिचय</b></center> परसाई श्रेष्ठ व्यंग्यकार इसलिए हैं कि वे सिर्फ व्यंग्यकार ही नहीं हैं। व्यंग्य को कब छोड़ देना चाहिए इसका विवेक उनके रचनाकार के पास है।' अन्न की मौत और अन्य रचनाएँ' उनकी कुछ उत्कृष्ट रचनाओं का एक भिन्न दृष्टि से किया गया संचयन है। उनकी रचनाओं के दो प्रमुख क्षेत्र हैं- एक ओर सभ्यता समीक्षा, हमारे संस्कारों और हमारी बनावट के अन्तर्सम्बन्धों की साहसपूर्ण खोज, उन्हें लेकर या उनके ऊपर व्यंग्य; और दूसरी ओर अभावग्रस्त जीवन के मार्मिक क्षणों की पहचान। जब वे स्वार्थियों, शोषकों, भ्रष्टाचारियों, अहंकारियों, पाखंडियों, नैतिकता का मुखौटा लगाए व्यक्तियों का चित्रण करते हैं तब उनका रूप अलग होता है। सामान्य, शोषित, अभावग्रस्त लोगों का चित्रण करते समय वे एकदम बदल जाते हैं। यहाँ उनके व्यंग्यकार का रूप नेपथ्य में चला जाता है। उनके अनेक निबन्धों को ललित निबन्ध की श्रेणी में रखा जा सकता है, पर उन्होंने इस तरह के निबन्धों की दिशा बदल दी। उन्होंने हिन्दी कहानी को भी समृद्ध किया है। उनकी कई कहानियों को आज सहज ही क्लासिक कहानियाँ कहा जा सकता है। परसाई ने विपुल लेखन किया। यद्यपि उन्होंने विधाओं का ध्यान रखकर उनकी सीमाओं में बँधकर नहीं लिखा, तो भी उनके साहित्य को निबन्ध, कहानी, लघुकथा, संस्मरण और रेखाचित्र आदि श्रेणियों में रखा जा सकता है। इस पुस्तक में कुछ ऐसे ही प्रयास के रूप में परसाई की कुछ चुनिन्दा रचनाओं को निबन्ध, कहानियाँ, व्यक्तिचित्र और संस्मरण आदि खंडों में प्रस्तुत किया गया है; और इस कोशिश में परसाई के श्रेष्ठतम का कुछ अंश पाठकों के लिए सुलभ हो गया है।<p>
<center><b>लेखक परिचय</b></center> 22 अगस्त, 1924 को मध्य प्रदेश, होशंगाबाद के जमानी गाँव में जन्मे हरिशंकर परसाई का आरम्भिक जीवन कठिन संघर्ष का रहा। पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने नागपुर विश्वविद्यालय से हिन्दी में एम.ए. किया और फिर 'डिप्लोमा इन टीचिंग' का कोर्स भी। उनकी प्रकाशित कृतियाँ हैं- 'हँसते हैं रोते हैं', 'जैसे उनके दिन फिरे' (कहानी-संग्रह); 'रानी नागफनी की कहानी', 'तट की खोज' (उपन्यास); 'तब की बात और थी', 'भूत के पाँव पीछे', 'बेईमानी की परत', 'वैष्णव की फिसलन', 'पगडंडियों का जमाना', 'शिकायत मुझे भी है', 'सदाचार का तावीज', 'विकलांग श्रद्धा का दौर', 'तुलसीदास चन्दंन घिसैं', 'हम इक उम्र से वाकिफ हैं', 'जाने-पहचाने लोग', 'कहत कबीर', 'ठिठुरता हुआ गणतंत्र', 'आवारा भीड़ के खतरे' (व्यंग्य निबन्ध संग्रह); 'पूछो परसाई से' (साक्षात्कार)। 'परसाई रचनावली' शीर्षक से छह खंडों में उनकी सभी रचनाएँ संकलित हैं। लगभग सभी भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी में उनकी रचनाओं के अनुवाद हुए हैं। उन्हें 'साहित्य अकादेमी पुरस्कार', मध्य प्रदेश के 'शिखर सम्मान' समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। 10 अगस्त, 1995 को उनका निधन हुआ।<p>
<center><b>भूमिका</b></center> हरिशंकर परसाई की रचनाओं पर विचार करते ही 'कछुआ-धरम' के लेखक चन्द्रधर शर्मा 'गुलेरी' का स्मरण हो उठता है। वस्तुतः गुलेरी जी आधुनिक हिन्दी साहित्य में कालजयी व्यंग्य-निबन्धों के प्रवर्तकों में से एक हैं। निस्सन्देह हिन्दी साहित्य में आधुनिकता व्यंग्य-लेखन के साथ-साथ आई है जिसके निर्विवाद प्रवर्तक भारतेन्दु हैं। इसलिए परसाई की रचनाओं पर कुछ लिखने के पूर्व यहाँ गुलेरी जी की रचनाओं पर संक्षिप्त विचार कर लेना प्रासंगिक ही नहीं आवश्यक भी है। इस गुलेरी-स्मरण को परसाई के संचयन की 'भूमिका' का मंगलाचरण समझा जाए। गुलेरी जी के प्रसिद्ध निबन्ध 'कछुआ-धरम' का यह अंश देखिए-" 'मनुस्मृति' में कहा गया है कि जहाँ गुरु की निन्दा या असत् कथा हो रही हो वहाँ पर भले आदमी को चाहिए कि कान बन्द कर ले या कहीं उठकर चला जाए। यह हिन्दुओं के या हिन्दुस्थानी सभ्यता के कछुआ-धरम का आदर्श है। ध्यान रहे कि मनु महाराज ने न सुनने जोग गुरु की कंलक कथा के सुनने के पाप से बचने के दो ही उपाय बताए हैं- या तो कान ढककर बैठ जाओ या दुम दबाकर चल दो। तीसरा उपाय, जो और देशों के सौ में नब्बे आदमियों को ऐसे अवसर पर पहले सूझेगा, वह मनु ने नहीं बताया कि जूता लेकर या मुक्का तानकर सामने खड़े हो जाओ और निन्दा करनेवाले का जबड़ा तोड़ दो या मुँह पिचका दो कि फिर ऐसी हरकत न करे। यह हमारी सभ्यता के भाव के विरुद्ध है। कछुआ ढाल में घुस जाता है, आगे बढ़कर मार नहीं करता।" स्पष्ट है कि गुलेरी जी यहाँ हमारी सभ्यता में व्याप्त अकर्मकता, उदासीनता और निष्क्रियता के भाव पर व्यंग्य करते हैं। यह उनका विसंगति-बोध है।<p>
Hindu (हिंदू धर्म) (14145)
Tantra (तन्त्र) (1052)
Vedas (वेद) (733)
Ayurveda (आयुर्वेद) (2145)
Chaukhamba | चौखंबा (3462)
Jyotish (ज्योतिष) (1638)
Yoga (योग) (1213)
Ramayana (रामायण) (1314)
Gita Press (गीता प्रेस) (713)
Sahitya (साहित्य) (25585)
History (इतिहास) (9455)
Philosophy (दर्शन) (3740)
Santvani (सन्त वाणी) (2620)
Vedanta (वेदांत) (120)
Send as free online greeting card
Email a Friend
Visual Search
Manage Wishlist