हिन्दी आलोचना में आचार्य नलिन विलोचन शर्मा का प्रवेश आचार्य रामचन्द्र शुक्ल के अवसान के बाद होता है। आचार्य शुक्ल की समीक्षा चौथे दशक में पूर्ण होती है और आचार्य नलिन विलोचन शर्मा की शुरुआत इसी दशक से होती है। यह दशक अनेक दृष्टियों से देश और दुनिया में महत्त्वपूर्ण था। द्वितीय विश्वयुद्ध की विभीषिका और स्वतंत्रता आंदोलन का जो स्वस्थ अस्वस्थ प्रभाव पड़ रहा था उससे हिन्दी साहित्य भी अछूता नहीं था। मार्क्सवाद, फ्रायडवाद, अस्तित्ववाद, गाँधीवाद और समाजवाद आदि देश-दुनिया के ज्ञान और दर्शन की प्रमुख धाराएँ थीं जिसका प्रभाव बुद्धिजीवियों पर पड़ना स्वाभाविक है, नलिन जी पर भी इन विचारों का प्रभाव पड़ा। भारतीय सन्दर्भ में देखें तो, नेहरू और नलिन दोनों आधुनिकता के प्रवल प्रवक्ता थे, लेकिन परम्परा के उतने ही गहरे जानकार भी। पहले ने भारतीय राजनीति में आधुनिकता का सफल प्रयोग किया, तो दूसरे ने साहित्य में। पूरी दुनिया सोवियत संघ और अमेरिका दो खेमों में बँटी हुई थी। गुटनिरपेक्ष आन्दोलन, इस शिविरबद्धता के विरुद्ध, जिस तरह तीसरे विकल्प की खोज था, उसी तरह नलिन जी की आलोचना प्रगतिवाद बनाम आधुनिकता के विवाद से अलग आलोचना के तीसरे धरातल की खोज है। शिविरबद्धता के विरुद्ध उनका आलोचनात्मक संघर्ष था। वे हिन्दी साहित्य में गुटनिरपेक्ष थे, जो प्रगतिवादी और प्रयोगवादी, दोनों शिविरों के प्रति समान रूप से कठोर था। नलिन जी एक ओर जहाँ मार्क्सवादी रूढ़ि में फँस जाने के लिए प्रगतिवादियों की कड़ी आलोचना कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर अज्ञेय और उनकी मंडली को वास्तविक प्रयोगवादी मानने से इंकार कर रहे थे। अज्ञेय जी के समानान्तर उन्होंने प्रपद्यवाद की एक नई धारा का सूत्रपात किया था और उनकी स्पर्धा में उभरकर सामने आए थे। दिलचस्प संयोग है कि नलिन जी के मकान का नाम 'त्रिशंकु' था और अज्ञेय के प्रसिद्ध निबन्ध संग्रह का नाम भी 'त्रिशंकु' है। अज्ञेय जी के साथ उनकी मौन मुलाकात के संस्मरण तो लोग किंवदंतियों की तरह सुनाते हैं। अज्ञेय जी उनसे मिलने गए तो देर तक दोनों के बीच चुप्पी रही। अज्ञेय जी ने पूछा, 'कैसे हैं?' लम्बी चुप्पी के बाद नलिन जी ने कहा, 'ठीक हूँ।' फिर देर तक चुप्पी रही। अज्ञेय जी ने कहा, 'चलता हूँ।' नलिन जी ने उन्हें ससम्मान विदा कर दिया। नलिन जी ने संस्कृत की शास्त्रीय आलोचना और पश्चिम की आलोचना पद्धति का गहन अध्ययन किया था, लेकिन उन्होंने अनुसरण करने के बजाय अपने लिए नई आलोचनात्मक पद्धति की खोज की। वे हिन्दी के पहले आधुनिक आलोचक थे। उनमें परम्परा के नाम पर जड़ विचारों का त्याग करने और नए आधुनिक विचारों को ग्रहण करने की अद्भुत क्षमता थी। भावयित्री और कारयित्री, दोनों प्रतिभाओं का एक ही व्यक्ति में होना विरल होता है। पंडितराज जगन्नाथ, टी. एस. इलियट, मुक्तिबोध और नलिन जी आदि इसके अपवाद हैं। वे ऐसे आलोचक हैं जिनके सिद्धान्त उनकी रचनाओं के बिना और रचना, आलोचना के बिना अपूर्ण रह जाते हैं। 'आलोचना' शीर्षक आलेख में लिखते हैं, 'अपने संश्लेषणात्मक रूप से आलोचना उतना ही सृजन है, जितना किसी कृति का निर्माण। आलोचना और साहित्य-सृजन में अंतर शायद इसलिए मान लिया गया है कि आलोचना मात्र कला ही नहीं, वह विज्ञान भी है। साहित्यालोचन जहाँ तक विज्ञान है, वह कृति-विशेष का परीक्षण करता है, उसका गुणदोष निरूपण करता है और आवश्यकतानुसार नवीन सिद्धान्त की उभावना भी। इसके साथ ही साथ कला के रूप में भी संलग्न रहता है।' जीवन और साहित्य में आधुनिकता के समर्थक होने के कारण नलिन जी को परम्परा विरोधी भी समझा गया, लेकिन उसमें सच्चाई नहीं है। वे परम्परा के नाम पर सड़ी-गली मान्यताएँ स्वीकार करने के पक्ष में नहीं थे। प्राचीन साहित्य के गहरे अध्येता होने के कारण वे भारतीय साहित्य की महान विरासत को छोड़ना नहीं चाहते हैं। साथ ही विश्व साहित्य की उपलब्धियों से हिन्दी को दूर नहीं रख सकते हैं। उनकी दृष्टि में हिन्दी के आलोचकों की उपलब्धि यह होगी कि, 'वह अंग्रेजी या फ्रेंच साहित्य का इतिहास रसालंकार के दृष्टिकोण से लिखे, जैसे कभी अपने दृष्टिकोण से मैकडानेल, कीथ, विंटरनित्ज ने संस्कृत साहित्य के इतिहास लिखे थे। जैसे फ्रांसीसी लुगोई और कजामिया के इतिहास से बढ़िया, उस आकार-प्रकार का, किसी अंग्रेज़ का अंग्रेज़ी साहित्य का इतिहास नहीं है, जैसे पाश्चात्यों के लिखे संस्कृत साहित्य के इतिहासों से स्वयं भारतीयों के लिखे नहीं हैं।' उन्हें भारतीय परम्परा और पश्चिम की आधुनिकता एक साथ चाहिए। वे सिर्फ हिन्दी आलोचना शास्त्र के हिमायती नहीं थे, बल्कि पूर्व और पश्चिम के श्रेष्ठ चिन्तन को पचा कर हिन्दी के नए आलोचना शास्त्र को विकसित करना चाहते थे। रामचन्द्र शुक्ल की आलोचना उन्हें इसलिए भी महत्त्वपूर्ण लगती है कि, तुलसी के 'मानस' को कसौटी मानने वाला विद्वान क्यूमिंग्ज का उल्लेख करता है
नलिन विलोचन शर्मा जन्म: 18 फरवरी 1916, पटना में। वे दर्शन और संस्कृत के प्रख्यात विद्वान् महामहोपाध्याय पं. रामावतार शर्मा के पुत्र थे। लगभग 46 वर्ष की आयु में 12 सितम्बर 1961 ई. को अपराह्न डेढ़ बजे हृदय-गति रुक जाने से उनका देहान्त हो गया। नलिन जी ने पहले संस्कृत में एम.ए. किया और जैन कॉलेज, आरा में संस्कृत के प्राध्यापक हो गए। बाद में उन्होंने हिंदी से एम.ए. किया और उनकी नियुक्ति पटना विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में हो गयी, जहाँ वे प्रोफेसर और अध्यक्ष हुए। नलिन जी संस्कृत, हिन्दी एवं अंग्रेजी के निष्णात विद्वान् थे। साथ ही फ्रेंच एवं जर्मन भाषा का भी उन्होंने यथेष्ट ज्ञान प्राप्त किया था। चित्रकला में भी उनकी गहरी रुचि थी। नलिन जी ने हिन्दी आलोचना का नया मापदंड निर्मित किया। अपने प्रखर आलोचनात्मक लेखों, साहित्यिक टिप्पणियों और पुस्तक समीक्षाओं के जरिये वे हिंदी-संसार को नये ढंग से आंदोलित करने में सफल हुए। नये पुराने सभी लेखकों के बीच आलोचक के रूप में वे समान रूप से प्रतिष्ठित थे। पुराने साहित्य के बारे में उनकी पसंद का जितना महत्त्व था, उतना ही नये साहित्य के बारे में भी। हिंदी कविता में वे 'प्रपद्यवाद' (नकेनवाद) के प्रवर्तकों में से एक थे।
अजय आनंद 3 मार्च, 1989 को लखीसराय (बिहार) के गेरुआ पुरसंडा गाँव में जन्म। वहीं प्रारम्भिक शिक्षा। पटना कॉलेज, पटना से हिन्दी में स्नातक और बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर। दिल्ली विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग से 'नलिन विलोचन शर्मा की आलोचना दृष्टि' (विशेष सन्दर्भ कथा साहित्य) पर एम. फिल. तथा 'उपन्यास सम्बन्धी आलोचना दृष्टि और हिन्दी में उसका विकास' पर पीएच.डी.। बिहार हिन्दी ग्रन्थ अकादमी, पटना द्वारा युवा वर्ग में शताब्दी सम्मान (2019)। पक्षधर पत्रिका में 8 वर्षों तक संपादन सहयोग। संपादित पुस्तक : नलिन रचनावली (पाँच खंडों मे) 2021, उपन्यास कला और सिद्धांत (दो खंडों में) 2016 संप्रति : सहायक प्रोफेसर, हिंदी विभाग, कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस, पटना
Hindu (हिंदू धर्म) (14136)
Tantra (तन्त्र) (1050)
Vedas (वेद) (731)
Ayurveda (आयुर्वेद) (2145)
Chaukhamba | चौखंबा (3461)
Jyotish (ज्योतिष) (1639)
Yoga (योग) (1213)
Ramayana (रामायण) (1311)
Gita Press (गीता प्रेस) (715)
Sahitya (साहित्य) (25539)
History (इतिहास) (9439)
Philosophy (दर्शन) (3742)
Santvani (सन्त वाणी) (2622)
Vedanta (वेदांत) (120)
Send as free online greeting card
Email a Friend
Visual Search
Manage Wishlist