<center><b>पुस्तक परिचय</b></center> मन्नू भण्डारी हिन्दी के उन लेखकों में हैं जिनकी कृतियों को अपार लोकप्रियता के साथ आलोचना की भरपूर सराहना मिली। 'आपका बंटी' पुस्तकाकार आने से पहले 'धर्मयुग' में धारावाहिक प्रकाशित हुआ था और यहीं से इसने पाठकों को अपने साथ बाँध लिया। छह दशकों से हिन्दी की सबसे अधिक पढ़ी जाने वाली कृतियों में 'आपका बंटी' शामिल है, यह कई विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम का हिस्सा भी है। एक उपन्यास के रूप में ' आपका बंटी' ने बताया कि आधुनिक जीवन की विडम्बनाओं के कैसे-कैसे रूप हो सकते हैं, साथ ही इन तनावों और द्वन्द्वों को कोई लेखक आत्मीय भाषा और सहज शिल्प में इस तरह प्रस्तुत कर सकता है कि पाठक उसके चरित्रों से तादात्म्य स्थापित कर लें। मन्नू भण्डारी के लेखन की उपलब्धि अब हिन्दी की उपलब्धि भी है। राधाकृष्ण मूल्यांकन माला की गौरवशाली परम्परा में 'आपका बंटी' पर यह आलोचना कृति हिन्दी के आधिकारिक विद्वानों और नई पीढ़ी के लेखकों के चिन्तन-मनन का सार्थक परिणाम है। हिन्दी साहित्य के विद्यार्थियों-शोधार्थियों के लिए इस मूल्यांकन माला के पुनर्नवा प्रारूप में अब कृतिकारों के साथ कृतियों पर भी मूल्यांकनपरक पुस्तकें उपलब्ध हैं। मन्नू जी की अविस्मरणीय कृति को विभिन्न दृष्टियों से देखने-समझने का यह प्रयास हिन्दी आलोचना के लिए भी विश्वसनीय होगा।<p>
<center><b>लेखक परिचय-1</b></center> रेणु व्यास ने वी. एस-सी. (विज्ञान-गणित) और एम.ए. (इतिहास और हिन्दी) किया। पी-एच.डी. (हिन्दी) की उपाधि प्राप्त की। उर्दू में डिप्लोमा किया है। गांधी-विचारों में उनकी विशेष रुचि है। 'दिनकर : सृजन और चिन्तन', 'जो कही गई न मुझसे', 'प्रारम्भिकी : स्वयं प्रकाश' उनकी मौलिक पुस्तकें हैं। 'मेरे साक्षात्कार स्वयं प्रकाश', 'कृति-मूल्यांकन : कुरुक्षेत्र' का उन्होंने सम्पादन किया है। सम्प्रति राजस्थान विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग में सहायक आचार्य हैं।।<p>
<center><b>लेखक परिचय-2</b></center> पल्लव का जन्म राजस्थान के स्वतंत्रता सेनानी परिवार में हुआ। मूलतः कथा-आलोचना में सक्रिय पल्लव कथा-साहित्य के साथ-साथ कथेतर विधाओं की आलोचना में नवाचार के लिए जाने जाते हैं। 'कहानी का लोकतंत्र' और 'लेखकों का संसार' उनकी मौलिक पुस्तकें हैं। उन्होंने कई पुस्तक श्रृंखलाओं का सम्पादन किया है और साहित्य अकादेमी के लिए मोनोग्राफ लेखन भी किया है। हिन्दी की लघु पत्रिका 'बनास जन' के सम्पादक पल्लव दिल्ली विश्वविद्यालय के हिन्दू कॉलेज में हिन्दी के आचार्य हैं। ई-मेल : pallavkidak@gmail.com<p>
<center><b>प्रस्तावना</b></center> साहित्य में कृतियों का मूल्यांकन और पुनर्मूल्यांकन आलोचना का धर्म है। उन कृतियों को फिर पलटकर देखना और उनकी अर्थवत्ता को नये परिप्रेक्ष्य में देखना-समझना आलोचना को विश्वसनीय और रचनात्मक बनाता है। साहित्य की वास्तविक पहचान भी समय के प्रवाह में ही होती है। प्रकाशन के साथ तुरन्त चर्चा में आ जाने वाली कृतियाँ कई बार बाद में भुला दी जाने योग्य निकलती हैं। दूसरी तरफ ऐसा भी होता है कि कोई कृति अपने प्रकाशन के समय बहुत महत्त्वपूर्ण न समझी गई तो किन्तु कालान्तर में उसमें एकाएक अपने समय की सच्ची तसवीर दिखाई दे। गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर द्वारा अंग्रेजी और बाद में आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी द्वारा हिन्दी में कबीर की कविताओं के प्रस्तुतीकरण का महत्त्व ऐतिहासिक है। वस्तुतः आलोचना की जिम्मेदारी है कि वह अपनी भाषा और संस्कृति की मूल्यवान समझी जाने वाली कृतियों को समय समय पर पुनरीक्षण के लिए चुने और नये समय में उनकी अर्थवत्ता की पुनर्पहचान करे। हिन्दी साहित्य के आधुनिक काल में ऐसी कृतियों की पहचान कठिन नहीं है जिन्हें प्रकाशित हुए एक या आधी शताब्दी व्यतीत हो गई है और उन्हें कालजयी माना जाता है। यदि रीतिकाल, भक्तिकाल और आदिकाल की कृतियों का भी स्मरण करें तो यह सूची आलोचना के समक्ष एक बड़ी चुनौती की तरह सामने होगी। कहना न होगा कि आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी से लगाकर हमारे समय तक अनेक विद्वान आलोचकों ने अपनी रुचि और विवेक के अनुसार ऐसी चुनौतियों को स्वीकार किया है।<p>
<center><b>भूमिका</b></center> हिन्दी उपन्यास परिदृश्य के केन्द्र में स्त्री और किसान को लाने का श्रेय प्रेमचन्द को है। 'शेखर : एक जीवनी' बच्चे के मनोविज्ञान को प्रकाश में लाया लेकिन उस उपन्यास के केन्द्र में 'शेखर' था, बच्चा, किशोर और युवा शेखर। मन्नू भंडारी के उपन्यास 'आपका बंटी' के केन्द्र में एक बच्चा है। हमारे आसपास जरा ध्यान से देखें तो सुनाई दे सकती है, दरकते टूटते रिश्तों, बनते-बिगड़ते परिवारों में निरन्तर उपेक्षित और अकेले होते जाते बच्चे 'बंटी' की मर्मभेदी चीख। माता-पिता के तनावपूर्ण सम्बन्धों और विवाह-विच्छेद, दोनों ही स्थितियों का त्रास सबसे अधिक बच्चे भोगते हैं। बड़ी भयानक बात यह भी है कि 'बंटी' अकेला नहीं है। भारतीय शहरी मध्यवर्ग में कई कई 'बंटियों' की उपस्थिति हमारी संवेदना और चिन्ता का कारण होना चाहिए। इस बच्चे को केन्द्र में लाने, वयस्क रिश्तों के टूटने-जुड़ने की जटिल स्थितियों के बीच बाल-मन को पूरी संवेदनशीलता से, उसी की भाषा में उकेरने का श्रेय मन्नू भंडारी को है। इस बात के लिए मन्नू भंडारी को बहुत सराहना मिली है। भावुक पाठकीय प्रतिक्रियाएँ भी। लेकिन 'आपका बंटी' केवल इतना ही नहीं है। यह उपन्यास बीसवीं सदी के उत्तरार्द्ध के भारतीय शहरी मध्यवर्ग की एक बड़ी सच्चाई को, उसके जटिल ताने-बाने को, पूरी संवेदनशीलता और यथासम्भव लेखकीय तटस्थता के साथ प्रस्तुत करता है। संकीर्ण दृष्टि ने इसे तलाक के भयावह परिणामों के विरुद्ध स्त्री-सुबोधिनी के रूप में देखना चाहा है और कथित आयातित 'स्त्री-विमर्श' के प्रतिकार का अस्त्र समझा। <p>
Hindu (हिंदू धर्म) (14139)
Tantra (तन्त्र) (1052)
Vedas (वेद) (733)
Ayurveda (आयुर्वेद) (2145)
Chaukhamba | चौखंबा (3461)
Jyotish (ज्योतिष) (1637)
Yoga (योग) (1213)
Ramayana (रामायण) (1313)
Gita Press (गीता प्रेस) (714)
Sahitya (साहित्य) (25547)
History (इतिहास) (9451)
Philosophy (दर्शन) (3740)
Santvani (सन्त वाणी) (2620)
Vedanta (वेदांत) (120)
Send as free online greeting card
Email a Friend
Visual Search
Manage Wishlist