भूमिका
कविता लिखना ठीक है मगर अपने लिखने के बारे में कवि का ख़ुद कुछ लिखना ठीक है या नहीं मैं इस विषय में कभी असन्दिग्ध नहीं हो पाया; इसीलिए पत्र-पत्रिकाओं द्वारा सवक्तव्य कविताएँ माँगने पर वक्तव्य देते हुए और अपने कविता-संग्रहों में भूमिका देने का अवसर उपस्थित हो जाने पर मुझे झिझक होती रही है। अपने पहले कविता-संग्रह 'गीतफ़रोश' में मैंने इस असमंजस को भूमिका के रूप में कविता देकर निभा लिया फिर कोई दस बरस तक कविताएँ लिखता रहा और एक हद तक ऐसा प्रसंग बचाने के ख़याल से भी संग्रह देते हुए कतराता रहा। दूसरा संग्रह 'चकित है दुख' बिना किसी भी प्रकार की भूमिका के जाने दिया और उसके लगभग तत्काल बाद जब 'अँधेरी कविताएँ' छपवाने की परिस्थिति सामने आई तो एक भूमिका लिखी। मगर उसे मन में उलटाता-पुलटाता रहा और तय किया कि देनी नहीं है। चौथा संग्रह 'गांधी पंचशती' बहुत ही विषय-प्रधान था इसलिए उसकी भूमिका में भी एक लम्बी कविता लगा दी और अनुभव किया कि यहाँ तक तो काम चल गया किन्तु अब तुम्हें अगले संग्रह में अपनी कविता और सामान्य रूप से कविता के बारे में भी कुछ कहना ही पड़ेगा। मैंने देखा कि मेरे संग्रहों की जहाँ-तहाँ जो आलोचनाएँ निकलीं, उनमें ज्यादातर बात मेरी कविता-शैली की ही की गई। शैली कविता की एक प्रधान बात तो होती है; मगर आखिरकार वह किसी भीतरी चीज़ का बाहरी रूप है; सर्वाधिक प्रधान बात तो वह नहीं ही है। इसलिए मैंने अपना यह संग्रह प्रस्तुत करते समय बहुत संक्षेप में थोड़ा कह देना जरूरी मान लिया है।
मैंने लिखना किसी बड़ी व्याकुलता या प्रेरणा से शुरू नहीं किया था। शुरू शायद इसलिए किया था कि काफ़ी कविता पढ़ चुका था, थोड़ा जी चुका था और मन में कहीं से यह खयाल आ गया था कि पढ़े लोग लिखकर सार्थक होते हैं। सार्थकता की बड़ी छोटी-सी कोई कल्पना तब मन में थी; याने इतना ही कि आसपास के लोग उनकी तरफ़ ध्यान देते हैं और वे दूसरों से अलग माने जाते हैं। लेकिन मैंने कवियों को अपना जीवन न लिखते देखा था, न आसपास का। लगभग सभी, कुछ बँधे-बँधाए ढंग से कुछ बँधी-बँधाई बातें कहते रहते थे। उन दिनों उसे 'छायावाद' कहा जाता था। लेकिन मैंने वह सब नहीं लिखा और उस ढंग से नहीं लिखा। क्यों नहीं लिखा, सो नहीं जानता। यह निश्चित है कि वैसा नहीं लिखा। बातें कुछ अलग कीं और कुछ अलग ढंग से कीं। देखा कि उस अलगाव में मैं व्यक्त हो रहा हूँ। यों जो कुछ कह रहा था वह ख़याल था और दूसरों का था, अतीत का था; कभी वर्तमान का था; मगर दूसरों का था; दूसरों से लिया हुआ था; इसीलिए दिखने लगा कि वह गौण है और जिस तरह कह रहा हूँ उसके बारे में, लगा कि वह मैं हूँ कि और आवाज कहीं मुझसे ही उठकर आ रही है। मुझे अपनेपन की यह आवाज्ज अच्छी लगने लगी। इससे भी अच्छा यह लगने लगा कि दूसरों को भी वह अच्छी लग रही है। फलस्वरूप कुछ मूर्खता और बहुत-से उत्साह में जितना बोलना चाहिए उससे ज्यादा बोलने लगा। आज बीच-बीच में ख़याल आ जाता है कि यह मूर्खता है तो बहुत दिनों तक चुप हो रहता हूँ और जब मौन और मनन की होशियारी बेमजा हो जाती है तब फिर बोलने लगता हूँ।
पहले जो कहता था, तर्क की सीढ़ियाँ सँभालकर कहता था। क्योंकि वह खयाल था और दूसरों का होने से यह भरोसा नहीं था कि अन्त तक मेरा साथ देगा! इसलिए उसे कुछ समाज, कुछ दर्शन, कुछ धर्म, कुछ छन्द-भाषा आदि से बाँधकर घसीटता था। ये जंजीरें कभी-कभी बहुत बज उठी थीं और परेशानी होती थीं कि यह क्या है? तब मैं जंजीरों को गढ़ते हुए भी कह उठता था कि मैं जंजीरों के ख़िलाफ़ हूँ। चूँकि बावजूद मेरे जंजीरें गढ़ने के, यह मेरा कहना सच्चा था, उसमें ताक़त थी इसलिए तमाम झूठी और झनझनानेवाली जंजीरें खुलने या टूटने का उपक्रम करने लगती थीं; किन्तु पूरी तरह से खुलीं या टूटीं तो वे कभी नहीं। यह शायद इसलिए कि इस टुक समाज, धर्म, दर्शन, छन्द, भाषा तक में मेरा भी कुछ आ मिलता था। और अपना अपने से खोला जाकर विलग नहीं होने पाता, अपने से तोड़ा जाकर टूट नहीं पाता। ख़ालिस अपने को व्यक्त करना कैसे बने?
धीरे-धीरे अपने को व्यक्त करने की जरूरत ही सबसे बड़ी लगने लगी। लगने लगा, व्यक्ति अपने को व्यक्त करने के सिवा कुछ और नहीं कर सकता, यह उसकी नियति है, ख़ालिस अपने को व्यक्त करके आदमी पूरा व्यक्ति बन सकता है! और इसी तरह वह समाज के भी किसी काम का हो सकता है। अगर व्यक्ति के पैदा होने-बढ़ने, उसके समाज बनने आदि सबको व्यर्थ नहीं जाना है तो उसे अपने को ही अभिव्यक्त करना है।
अपने को अभिव्यक्त करने के साधनों में मुझे शब्द अपने लिए सहज प्राप्त साधन लगता था। अभिव्यक्ति के माध्यम तो तमाम हैं; जैसे रंग और स्वर; मिट्टी और पत्थर और लोहा और सीमेंट। कुछ माध्यम हैं जो प्रतिष्ठित हैं। कुछ प्रतिष्ठित उतने नहीं हैं। मगर उपयोगी वे भी हैं; जैसे सूत कातना, कपड़ा बुनना, बीज बोना-निराना, फ़सलें काटना, और उन्हें दूसरों के लिए मुहैया कर देना- यहाँ तक कि ख़ुद भूखे रहकर, नंगे रहकर ! अभिव्यक्ति के इन माध्यमों में से एकाध का अभ्यास भी किया। मगर लगातार नहीं कर पाया। जो लगातार कर पाया और कर पा रहा हूँ उसके प्रति नित्य अधिकाधिक समर्पित तो होता जा रहा हूँ; किन्तु आश्वस्त नहीं हूँ। मन के इस अनाश्वास के अनेक कारण हैं। एक के बारे में लिखना आवश्यक लगता है। जब कभी मैं अपने से पूछता हूँ कि कविता के सन्दर्भ में तुम अपने को क्या मानते हो और सोचता हूँ तो कुछ ऐसा भान होता है कि मैं कवि नहीं हूँ। मैं कविता नहीं लिखता, कविता मुझको लिखती है। हो सकता है यह बात सुनने में अजीब लगे। किन्तु मैं इस अन्तर को जानता हूँ और मुझे ख़बर है कि यह अन्तर मेरे व्यक्तित्व का अंश है। कविता लिखते समय मेरा मन और मन ही नहीं समूचा अस्तित्व शब्दों से ध्वनित होनेवाली झंकार से काँपता रहता है। ये झंकारें कभी अकेली-अकेली बजती हैं, कभी समवेत होकर समुदायों में। इसीलिए मैं कविता के सन्दर्भ में अपने को शब्दों की रौ में बहनेवाला कोई व्यक्ति सोचता हूँ और कई बार जब लोगों को अपनी भाषा के प्रवाह का आनन्द लेते हुए भी नहीं देखता तो लगता है मेरी रचनाओं को उनका पहला अभिप्रेत भी नहीं मिला। अनाश्वस्त होने का दूसरा कारण अभी-अभी मेरी इस विवशता से उत्पन्न हुआ है कि मैं कुछ दिनों से कविता को किसी अनुभव की अभिव्यक्ति नहीं मान पा रहा हूँ; बल्कि यह देख रहा हूँ कि वह अनुभव की अभिव्यक्ति का प्रयत्न न होकर अनुभव करने की एक प्रक्रिया है। मुझे लगने लगा है कि कविता अपने को व्यक्त करने का साधन नहीं है, कविता एक तरह का जानना है जो लिख चुको तब हस्तगत होता है। याने यह जानना एक पद्धति में से गुजरकर उसके पूरा हो चुकने पर हस्तगत होता है। कविता लिखने का मेरा उद्देश्य अब यही 'जानना' हो गया है।
Hindu (हिंदू धर्म) (14142)
Tantra (तन्त्र) (1052)
Vedas (वेद) (733)
Ayurveda (आयुर्वेद) (2145)
Chaukhamba | चौखंबा (3461)
Jyotish (ज्योतिष) (1637)
Yoga (योग) (1213)
Ramayana (रामायण) (1313)
Gita Press (गीता प्रेस) (714)
Sahitya (साहित्य) (25550)
History (इतिहास) (9452)
Philosophy (दर्शन) (3740)
Santvani (सन्त वाणी) (2620)
Vedanta (वेदांत) (120)
Send as free online greeting card
Email a Friend
Visual Search
Manage Wishlist