भूमिका
प्रो. इबोहल सिंह काङ्क्षम अस्सी के लपेटे में पहुँच गए हैं। इस जीवनावधि में से, मणिपुरी भाषा के लेखक के रूप में उन्होंने सत्तावन साल पूरे कर लिये हैं। उनकी पहली पुस्तक 'बिदाय' (एकांकी-संग्रह) सन् 1967 में प्रकाशित हुई थी। यह अलग बात है कि उनकी रचना-यात्रा इसके काफ़ी पहले शुरू हो गई थी क्योंकि जब वे हाईस्कूल में थे, तभी से उन्होंने मणिपुरी में लिखना प्रारम्भ कर दिया था।
हिन्दी लेखक और मणिपुरी-हिन्दी-मणिपुरी अनुवादक के रूप में भी उन्होंने चालीस साल का जीवन जी लिया है। इबोहल सिंह की हिन्दी का एक चित्र सन् 1985 के दिसम्बर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद नगर में आयोजित 'अखिल भारतीय लेखक सम्मेलन' में देखने को मिल गया था। यह जम्मू-कश्मीर, पंजाब, तमिलनाडु, कर्नाटक, आन्ध्र, मणिपुर, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश आदि अनेक प्रान्तों के सत्तर से भी अधिक हिन्दी लेखकों का ऐसा अनोखा जमावड़ा था, जिसमें वे अपने खर्च पर शामिल होने आए थे। मैं और इबोहल सिंह काङ्क्षम मणिपुर विश्वविद्यालय में हिन्दी विषय में अध्ययन कर रहे अठारह विद्यार्थियों के साथ भागीदारी करने पहुँचे थे। सुदूर मणिपुर से आए इबोहल सिंह के हिन्दी में दिये गए वक्तव्य ने सभी का ध्यान खींचा था। वे एक चर्चा सत्र के अध्यक्ष-मंडल के सदस्य भी थे। इस लेखक सम्मेलन के मूल प्रेरक जनकवि नागार्जुन थे।
साहित्यिक जीवन के प्रारम्भ में इबोहल सिंह काञ्जम ने अनुवाद को अपने रचना-कर्म का अनिवार्य हिस्सा बनाने के बारे में गम्भीरतापूर्वक नहीं सोचा था।
वे सम्भवतः मणिपुरी और हिन्दी में रचनात्मक लेखन तक सीमित रहना चाहते थे, लेकिन एक घटना उन्हें अनुवाद के क्षेत्र में खींच लाई। मई, 1986 में अपनी पहली हिन्दी-यात्रा पर मैं विशाखापट्टनम पहुँचा। अन्य लोगों के अतिरिक्त मेरी भेंट पी. आदेश्वर राव और कर्ण राजशेषगिरि राव से हुई। परिचय और उद्देश्य जानते ही उन दोनों ने हिन्दी के प्रसंग को परे सरकाते हुए मणिपुरी संस्कृति, मणिपुरी भाषा और मणिपुरी साहित्य के सम्बन्ध में अनेक जिज्ञासाएँ प्रकट कीं- साथ ही यह शिकायत भी की कि 'हिन्दी में मणिपुरी साहित्य का अनुवाद उपलब्ध नहीं है।' शाम को अपने ठहरने के स्थान पर लौटकर मैंने इबोहल सिंह काञ्जम को एक पोस्टकार्ड लिखा जिसमें दोनों विद्वानों के साथ हुई चर्चा का सार बताते हुए अधिकारपूर्वक आग्रह किया कि "जब तक मैं इम्फाल वापस आऊँ, वे कुछ मणिपुरी कविता-कहानियों के हिन्दी अनुवाद तैयार कर लें।" अपनी हिन्दी-यात्रा में मुझे सभी जगहों पर विद्वानों, हिन्दी-प्रचारकों और हिन्दी-प्रेमियों की इसी प्रकार की जिज्ञासाओं एवं शिकायतों का सामना करना पड़ा तथा मैं इबोहल जी को निरन्तर पोस्टकार्ड लिख-लिख कर भेजता रहा। समय के साथ यह घटना मेरी स्मृति से ओझल हो गई थी लेकिन पिछले दिनों जब इस लेख में तथ्यात्मक दृष्टि से सूचना दर्ज करने के लिए मैंने इबोहल सिंह काङ्क्षम से पूछा कि वे अनुवाद के क्षेत्र में कैसे आए थे और उनकी पहली अनूदित रचना कब प्रकाशित हुई थी तो बोले, "अरे भई, क्या आप भूल गए, 1985-86 की बात होगी, जब आप अपनी हिन्दी-यात्रा के दौरान मुझे प्रतिदिन एक पोस्टकार्ड लिखते थे और अनुवाद के लिए ज़ोर डालते थे, तभी से तो मैंने यह काम शुरू किया था। इसके पहले तो मेरी इस काम में कोई ख़ास रुचि नहीं थी। फिर तो मौलिक लेखन के साथ-साथ अनुवाद भी मुख्य काम जैसा हो गया।" यह एक व्यक्ति की अविस्मरणीय ईमानदारी थी...
मणिपुर में हिन्दी की पहली किताब, आधुनिक ऋषि के नाम से विख्यात पंडित अतोम्बापू शर्मा ने 'मणिपुर का सनातन धर्म' नाम से लिखकर 6 मार्च, 1951 को प्रकाशित करवाई थी, जबकि मणिपुरी-हिन्दी अनुवाद की नींव सन् 1962 में हिन्दी-सेवी पंडित छत्रध्वज शर्मा द्वारा मणिपुरी नवजागरण के पुरोधा कवि कमल (लमाबम कमल सिंह) के काव्य-संकलन 'लैपरेङ' की नौ कविताओं के गद्यानुवाद के प्रकाशन के माध्यम से रखी गई थी। यह अनूदित सामग्री 'कविश्रीमाला' श्रृंखला के अन्तर्गत 'राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा' द्वारा अपनी रजत जयन्ती के अवसर पर पुस्तकाकार प्रकाशित की गई थी। तब से लेकर 2024 तक के मणिपुरी-हिन्दी अनुवाद के बासठ वर्ष के इतिहास में अनेक अनुवादक उभरे, किन्तु छत्रध्वज शर्मा के बाद इबोहल सिंह काङ्क्षम ही सर्वाधिक उल्लेखनीय और प्रतिष्ठित अनुवादक माने जाते हैं। आज की युवा पीढ़ी के अनुवादकों में ऐसी ही प्रतिष्ठा की दिशा में एलाङ्ङ्खम विजय लक्ष्मी आगे बढ़ रही हैं।
मैं मणिपुर विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग में सन् 1985 की फ़रवरी में अध्यापक बनकर पहुँचा था। कुछ ही समय बाद मणिपुर सरकार के 'हिन्दी शिक्षक-प्रशिक्षण महाविद्यालय' से डॉ. इबोहल सिंह काङ्क्षम भी विभाग के अध्यापक-सदस्य बनकर आ गए थे। तब से लेकर लगभग छब्बीस साल का जीवन हम दोनों ने साथ-साथ गुज़ारा - विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग में, मणिपुर हिन्दी परिषद, इम्फाल से जुड़कर हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार अभियान में, मणिपुरी-हिन्दी अनुवाद कार्य में, 'महिप पत्रिका' प्रारम्भ करके मणिपुर में हिन्दी पत्रकारिता को बढ़ावा देने के प्रयासों में, मणिपुरी थिएटर और वहाँ के लोक-रंगमंच की गतिविधियों में, मणिपुर में हिन्दीतर भाषी हिन्दी कवि सम्मेलन की परम्परा शुरू करने और उसे बनाए रखने के कार्य में, मणिपुरी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में सम्मिलित कराने के लिए उठ खड़े हुए जनान्दोलन में, मणिपुर सरकार के शिक्षा-बोर्ड के लिए हिन्दी का पाठ्यक्रम बनाने और पाठ्य-पुस्तकें लिखने में, 'हिन्दी लेखक मंच, मणिपुर' की स्थापना से लेकर उसके द्वारा किये गए प्रकाशन कार्य में... तथा और भी अनेक गतिविधियों में। उसके बाद जब मैं मणिपुर से चला आया, तब भी आज तक हम लोगों का नियमित फ़ोन सम्पर्क बना हुआ है।
Hindu (हिंदू धर्म) (14139)
Tantra (तन्त्र) (1052)
Vedas (वेद) (733)
Ayurveda (आयुर्वेद) (2145)
Chaukhamba | चौखंबा (3461)
Jyotish (ज्योतिष) (1637)
Yoga (योग) (1213)
Ramayana (रामायण) (1313)
Gita Press (गीता प्रेस) (714)
Sahitya (साहित्य) (25547)
History (इतिहास) (9451)
Philosophy (दर्शन) (3740)
Santvani (सन्त वाणी) (2620)
Vedanta (वेदांत) (120)
Send as free online greeting card
Email a Friend
Visual Search
Manage Wishlist