भूमिका
मीडिया का लोकतंत्र किताब का आख़िरी पन्ना इस आशंका के साथ ख़त्म हुआ कि यूट्यूब को जिस तरह से पत्रकारिता के आखिरी दुर्ग के तौर पर देखा-समझा जा रहा है, उसकी अपनी दुश्वारियाँ किस-किस स्तर की हैं और आनेवाले समय में 'सोलो-जर्नलिज्म' कर रहे यूट्यूबरों की स्थिति क्या होगी? मतलब फ़ील्ड रिपोर्टिंग, प्रेस कॉन्फ्रेंस, अलग-अलग सरकारी-सार्वजनिक संस्थानों के लिए कल तक जो पत्रकार तैनात रहे, जिनकी पहचान के साथ बीट शब्द जुड़ा करता और उससे उनका रुतबा और काम तय होता, इन सबकी गैर-मौजूदगी में यह आख़िरी दुर्ग कब तक क्रायम रह सकेगा? बिना एजेंसी का सब्सक्रिप्शन लिये वे ख़बरों और पत्रकारिता की दुनिया को कितना विस्तार दे सकेंगे? महत्त आइडिया, पहले से लिखी-छपी सामग्री की री-पैकेजिंग और एडिटिंग मशीन की सन्तानों के बूते वे इस दुर्ग को किस हद तक मजबूती दे सकेंगे? पुराने पत्रकार जो लम्बे समय तक संस्थानों से जुड़कर काम करते रहे और अब अकेले बन्द कमरे या स्टूडियो में बहुत मामूली सेटअप के साथ काम कर रहे हैं, उनके दिलो-दिमाग़ पर इस एकाकीपन का क्या असर होगा, इस सिरे से भी इस दुर्ग की पत्रकारिता को समझने की कोशिश रही।
अब, 2026 तक आते-आते स्थिति थोड़ी बदलनी शुरू हुई है और यूट्यूब के जरिये पत्रकारिता का मतलब महज एडिटिंग मशीन की सन्तानों के जरिये वीडियो बनाकर अपलोड कर देना भर नहीं रह गया है, बल्कि फ़ील्ड रिपोर्टिंग की सम्भावना बढ़ी है, और उन यूट्यूबरों को नये सिरे से पहचान मिलनी शुरू हुई जिन्होंने अलग-अलग मामलों और घटनाओं के दौरान फ़ील्ड रिपोर्टिंग करना शुरू किया जिसके बारे में अब यहाँ तक कहा जाने लगा है कि मेनस्ट्रीम मीडिया के बजाय स्ट्रीट मीडिया पर लोगों का भरोसा जमने लगा है। इतना ही नहीं, कुछ मामलों में यूट्यूबरों की रिपोर्टिंग को उन न्यूज़ चैनलों के मुक़ाबले कहीं अधिक सराहा गया और उनकी स्वीकार्यता बढ़ी है जो ग्राउंड जीरो रिपोर्टिंग के दावे के साथ मैदान में उतरा करते हैं। पिछले दो-ढाई सालों में यह स्थिति कैसे बनी-बदली, ये अपने-आप में जरूरी और दिलचस्प अध्ययन का विषय है।
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले 6 अप्रैल, 2023 को इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यस्थ दिशा-निर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) संशोधन नियम 2023 जारी किया गया, जिसके तहत सरकार के प्रतिनिधि द्वारा सत्यता की जाँच किये जाने की बात सामने आई। तमाम तरह की दुश्चिन्ताओं के साथ-साथ यह भी आशंका तेजी से पनपनी शुरू हुई कि यह संशोधन यूट्यूब के जरिये पत्रकारिता को जिन्दा रखने की कोशिश कर रहे पत्रकारों को जीने-खाने नहीं देगा। अब जबकि एक वीडियो बनाने के साथ ही यूट्यूबर के दिमाग़ में कोर्ट-कचहरी के चक्कर की बात घूमने लग जाएगी, सरकारी नुमाइंदों की निगहबानी के तहत बोलना-दिखाना होगा और उनकी मर्जी को अन्तिम मानने के अलावा दूसरा कोई विकल्प ही न बचेगा तो बेबाक़ और धारदार पत्रकारिता यूट्यूब चैनल की पंचलाइन बनने तक जाकर दम तो तोड़ ही देगी। साथ ही, कॉपीराइट और आपत्तिजनक सामग्री का हवाला देकर स्ट्राइक-यूट्यूब की अपनी ये चाबुक कम जानलेवा है जो अब सरकार अलग से सत्यता की जाँच के नाम पर डर और आशंका से ख़ुद को खुद में ही सिकोड़ लेने का माहौल पैदा करना चाहती है?
वैसे सुनने में यह बहुत खूबसूरत लगता है कि 'स्वनियमन' की पत्रकारिता अपनी आवाज बचाए रखेगी लेकिन स्वनियमन के नाम पर यदि यह पेशे के भीतर रीढ़विहीन और समझौतापरस्त चोंगाधारी पैदा करने लग जाए तो उस लोकतांत्रिक परियोजना का क्या अर्थ रह जाएगा जो कि इस पेशे के साथ नाभि-नाल के स्तर पर जुड़ी हुई है?
10 अप्रैल, 2023 को कॉमेडियन और राजनीतिक व्यंग्यकार कुणाल कामरा ने बॉम्बे हाई कोर्ट में इन नियमों को चुनौती दी। याचिका में एडिटर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया, द न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन और भारतीय पत्रिका संघ भी बतौर पार्टी शामिल हुए। याचिका में दावा किया गया कि ये नियम भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, 19(1) (क) और 19 (1) (छ) का उल्लंघन करते हैं। इन नियमों के लागू होने के साथ ही ट्विटर (अब एक्स), फ़ेसबुक, यूट्यूब जैसे वैश्विक डिजिटल प्लेटफ़ार्मों पर खुलकर अपनी बात रख पाना मुहाल हो जाएगा।
आगे चलकर जब 2024 में चुनावी माहौल बना तो डिजिटल प्लेटफ़ार्मों पर इसे और जोर-शोर से उठाया गया। सरकार की नीतियों से असहमति रखनेवाले यूट्यूबरों-इन्फ्लुएंसरों के लिए तमाम मुद्दों के साथ-साथ एक और मुद्दा जुड़ गया जिसे सीधे-सीधे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और आपातकाल जैसी स्थिति के तौर पर देखा गया। उन्होंने बताया कि यदि यह नियम लागू हो जाता है तो इस देश में लोकतंत्र की कहानी औपचारिक ढंग से महज्ज काग़ज़ों पर रह जाएगी। जीने, बोलने और लिखने के स्तर पर यह बचा नहीं रह जाएगा।
Hindu (हिंदू धर्म) (14145)
Tantra (तन्त्र) (1052)
Vedas (वेद) (733)
Ayurveda (आयुर्वेद) (2145)
Chaukhamba | चौखंबा (3462)
Jyotish (ज्योतिष) (1638)
Yoga (योग) (1213)
Ramayana (रामायण) (1314)
Gita Press (गीता प्रेस) (713)
Sahitya (साहित्य) (25585)
History (इतिहास) (9455)
Philosophy (दर्शन) (3740)
Santvani (सन्त वाणी) (2620)
Vedanta (वेदांत) (120)
Send as free online greeting card
Email a Friend
Visual Search
Manage Wishlist